GPM Snake Bite : बिस्तर में सो रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग को करैत सांप ने डसा, 108 की तत्परता से बची जान

Advertisement
Advertisement

कांसबहरा गांव में तड़के हुआ हादसा, एम्बुलेंस टीम ने रास्ते में शुरू किया प्राथमिक उपचार

मरवाही (GPM), 17 जुलाई 2026। जिले के ग्राम कांसबहरा में एक बुजुर्ग की जान समय पर मिली स्वास्थ्य सहायता से बच गई। यहां बिस्तर में सो रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग को जहरीले करैत सर्प ने काट लिया। घटना के बाद परिजनों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया।

सोते समय हाथ में काटा करैत सांप ने

जानकारी के अनुसार ग्राम कांसबहरा निवासी रामसिंह (75 वर्ष) शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे अपने घर में बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान करैत सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसने बुजुर्ग के दाएं हाथ में काट लिया।

सांप के काटने के बाद परिजनों ने जब बिस्तर पर सांप को देखा तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए डायल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी।

एम्बुलेंस टीम ने दिखाई तत्परता

सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी कमलेश कुमार और पायलट भूपत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को अस्पताल के लिए रवाना किया।

रास्ते में मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ईएमटी कमलेश कुमार ने एम्बुलेंस में ही प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया, जिससे मरीज की हालत को नियंत्रित रखने में मदद मिली।

मरवाही अस्पताल में चल रहा उपचार

समय पर बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा उपचार किया जा रहा है। फिलहाल मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस टीम और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Advertisement
Share This Article