GPM Health News : शासकीय हाई स्कूल ललाती में एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप, किशोरियों को लगाया गया सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका

Advertisement
Advertisement

स्वास्थ्य विभाग की पहल, 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को दिए जाएंगे एचपीवी वैक्सीन के दो डोज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के विभिन्न विद्यालयों में 17 जुलाई को एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत किशोरियों को गर्भाशय के मुंह के कैंसर यानी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

ललाती स्कूल में आयोजित हुआ टीकाकरण शिविर

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शासकीय हाई स्कूल ललाती में आयोजित कैंप में छात्राओं का टीकाकरण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की एएनएम मधु मरावी और दुर्गा साहू ने अपनी सेवाएं देते हुए किशोरियों को वैक्सीन लगाई।

इसके अलावा शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सकोला में भी छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है एचपीवी वैक्सीन

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की दो डोज 6 महीने के अंतराल में लगाई जाती है। भारत सरकार की सर्वावैक वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी मानी जाती है, जो सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद करती है।

कलेक्टर ने अभिभावकों से की अपील

जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी टीका जरूर लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सके।

Advertisement
Share This Article