गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए गौरव का अवसर है। गौरेला विकासखंड में पदस्थ शिक्षक श्री धर्मेन्द्र कुमार कैवर्त जी को शिक्षक दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रमन डेका जी के करकमलों से प्रदान किया गया, इस गरिमामय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी एवं शिक्षा मंत्री माननीय श्री गजेंद्र यादव जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

श्री कैवर्त जी को यह सम्मान शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और नवाचारी प्रयासों के लिए प्राप्त हुआ है। उनके सतत प्रयासों से शासकीय शाला के बच्चों ने उत्कृष्ट विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर बेहतर शिक्षा की ओर कदम बढ़ाया है। उनके द्वारा अंगना माँ शिक्षा का बेहतर आयोजन किया जा रहा है, जिससे बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखे हुए हैं और स्कूल के प्रति उनका ठहराव बना हुआ है। आकांक्षी ब्लॉक के रूप में भारत सम्पूर्णता अभियान के तहत भी उन्हें सम्मान प्राप्त हो चुका है तथा वे शिक्षा दूत के रूप में भी सम्मानित हैं। बेहतर पालक संपर्क स्थापित कर शिक्षा को रुचिपूर्ण और नवाचारी बनाना, बच्चों में खोजी प्रवृत्ति और समस्या समाधान की भावना विकसित करना उनकी शिक्षण शैली की विशेष पहचान है।





