श्री श्री आनन्दमूर्ति जन्मोत्सव पर आमापाली में मुफ्त हेल्थ कैंप, 100 ग्रामीणों ने कराया उपचार

By
Advertisement
Advertisement

आनन्द मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की रायगढ़ शाखा ने किया सेवा आयोजन

रायगढ़। आनन्द मार्ग प्रचारक संघ के प्रवर्तक श्री श्री आनन्दमूर्ति के 105वें जन्मोत्सव के अवसर पर आनन्द मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की रायगढ़ शाखा द्वारा ग्राम आमापाली, विकासखंड पुसौर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में करीब 100 ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और उपचार का लाभ लिया।

माल्यार्पण और विचार गोष्ठी के साथ कार्यक्रम की हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्री आनन्दमूर्ति के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण पटेल, जनप्रतिनिधि डोल नारायण पटेल, जिला चिकित्सालय रायगढ़ के सिविल सर्जन डॉक्टर दिनेश पटेल, मेडिकल कॉलेज रायगढ़ से डॉक्टर वेद प्रधान, डेंटिस्ट डॉक्टर विवेक प्रधान, फार्मासिस्ट महेंद्र जायसवाल सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।

समाज सेवा को बताया जीवन की सच्ची सफलता

कार्यक्रम का संचालन गौतम प्रधान ने किया। उन्होंने श्री श्री आनन्दमूर्ति के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वही जीवन सफल है, जो समाज की भलाई के लिए जिया जाए। उन्होंने बताया कि आनन्द मार्ग प्रचारक संघ विश्व के 180 से अधिक देशों में नवमानवतावाद, योगिक चिकित्सा, प्रभात संगीत और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सेवा कार्य कर रहा है।

महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को मिला मुफ्त इलाज और दवा

स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य जांच के बाद आवश्यक दवाएं भी मुफ्त वितरित कीं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर लगातार लगाने की मांग की।

आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक सहयोग की अहम भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में खितिभूषण गुप्ता, गीता गुप्ता, मनोरंजन नायक, अनीता नायक, माधुरी गुप्ता, गौतम प्रधान, धरित्री प्रधान, अरुण प्रधान, रंजीता प्रधान, सुनैना प्रधान, रमेश गुप्ता, राजेश आनन्द, रंजीत आनन्द, अजय पटेल, प्रशांत सिंह ठाकुर सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।

ग्रामवासियों के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में रायगढ़ भुक्ति के भुक्ति प्रधान जनरल गौतम प्रधान ने समाजसेवी खुशीलाल गुप्ता और ग्राम आमापाली के ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

Advertisement
Share This Article