बीपी, ब्लड शुगर और ईसीजी की जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य संबंधी परामर्श
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। पुलिस अधिकारियों और जवानों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल की पहल पर आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
90 से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, रायपुर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं दीं। इस दौरान 90 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच के दौरान बीपी, ब्लड शुगर और ईसीजी समेत विभिन्न आवश्यक जांच की गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और उनके बचाव के उपायों की जानकारी दी। डॉ. मृगेन्द्र सिंह (लैप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. पंकज नरवडे (यूरोलॉजिस्ट) और डॉ. प्रफुल्ल महाकालकर (न्यूरो सर्जन) ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर
चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। इसके साथ ही संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस बल के स्वास्थ्य कल्याण की दिशा में पहल
व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर पुलिस बल के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आया। शिविर के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और जवानों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान तथा आवश्यक चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


