लोइंग में शुरू हुआ निःशुल्क नशा मुक्ति केंद्र, अब नशे से पीड़ित लोगों को मिलेगा उपचार और परामर्श

Advertisement

चौबीसों घंटे मिलेगी निःशुल्क परामर्श सुविधा, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में नशे की लत से छुटकारा दिलाने की पहल

नशामुक्त समाज की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की पहल

रायगढ़। जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में लोइंग में निःशुल्क नशा मुक्ति केंद्र शुरू किया गया है। इस Loing Nasha Mukti Kendra के माध्यम से शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों की लत से जूझ रहे लोगों को निःशुल्क उपचार, परामर्श और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

चौबीसों घंटे परामर्श, स्वास्थ्य जांच और पुनर्वास की सुविधा

केंद्र में चौबीसों घंटे निःशुल्क परामर्श की सुविधा के साथ प्रभावित व्यक्तियों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकतानुसार पुनर्वास केंद्र में सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जागरूकता कार्यक्रमों से बढ़ाई जाएगी जनभागीदारी

नशामुक्ति अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जागरूकता शिविरों और रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं, विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका गंभीर असर पड़ता है। ऐसे में नशे से पीड़ित लोगों को समय पर उचित उपचार, परामर्श और सहयोग उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर स्वस्थ एवं सामान्य जीवन की मुख्यधारा से दोबारा जुड़ सकें।

Share This Article