जगदलपुर। बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए वनांचल माधव सेवा कल्याण समिति ने राहत कार्यों में अपना योगदान दिया है। समिति ने मुख्यमंत्री बाढ़ आपदा राहत कोष में 51 हजार रुपए की सहायता राशि जमा कराई है।
मंगलवार को समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा को 51 हजार रुपए का चेक सौंपा। समिति की ओर से यह सहयोग बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और आपदा के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया।
चेक सौंपने के दौरान समिति के कार्यकारिणी सदस्य कुंवर राज बहादुर सिंह राणा, सचिव तुलसीराम बघेल, हेम कुमार पटेल और संग्राम सिंह राणा मौजूद रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ समिति अपनी क्षमता के अनुरूप राहत और सामाजिक सहयोग के कार्यों में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
