रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने नाबालिग बच्ची को डरा-धमकाकर उससे सोने के जेवर और नगद रकम हड़पने वाले चर्चित भयादोहन प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अवैध रूप से सोने के जेवर खरीदने वाले खरीददारों को भी गिरफ्तार किया गया है।
नाबालिग को धमकाकर हड़पे थे लाखों रुपये और 450 ग्राम सोना
प्रार्थी की शिकायत के अनुसार, जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच आरोपियों ने उसकी नाबालिग नातिन को डरा-धमकाकर तथा परिजनों की हत्या की धमकी देकर करीब 450 ग्राम सोने के जेवर और ₹14.50 लाख नकद हड़प लिए थे। शिकायत के आधार पर सरकंडा थाने में अपराध दर्ज किया गया।
72 घंटे में पुलिस ने कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर अगले 72 घंटे के भीतर पांच अन्य आरोपियों और चोरी के जेवर खरीदने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जेवर और नकदी बरामद, सभी आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों एवं खरीददारों के कब्जे से भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवर और नगद राशि बरामद कर जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


