कोरबा। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा, विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मासिक मूल्यांकन और आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर संकुल स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
प्राचार्य ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संकुल केंद्र सिमगा एवं गडरा अंतर्गत आने वाले प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों, व्याख्याताओं, संकुल समन्वयकों और शिक्षकों की बैठक 5 अगस्त 2026 को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने की।
उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी शिक्षकों को नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
शिक्षा और विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, मासिक मूल्यांकन, त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, वीएसके ऐप, मध्यान्ह भोजन, नाश्ता वितरण, गैस से भोजन निर्माण, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति, सरस्वती सायकल योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना, एमबीयू, आधार बायोमैट्रिक अपडेट, अपार आईडी, किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति अभियान, माय भारत युवा कार्यक्रम, तंबाकू मुक्त शाला, स्वच्छता अभियान और सड़क सुरक्षा अभियान जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पर जोर
संकुल प्राचार्य ने सभी विद्यालयों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की बेहतर तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही वीर जवानों को रक्षा सूत्र राखी भेजने संबंधी कार्यक्रम की जानकारी भी ली गई।
पालक-शिक्षक बैठक में हुई चर्चा
बैठक के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों के साथ पृथक रूप से संकुल स्तरीय पालक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों की सतत शैक्षणिक उन्नति और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में सरपंचगण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, पालकगण, व्याख्याता, संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




