अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
बिलासपुर में 10 हजार लोगों को मिलेंगे भूमि स्वामित्व कार्ड, 800 निःशक्तजनों को दिए जाएंगे सहायक उपकरण
बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। सेवा सेतु अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
योजनाओं के सैचुरेशन पर रहेगा फोकस
कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के सैचुरेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने मुख्य सचिव द्वारा अभियान को बेहतर बनाने के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों की पहचान और वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए।
शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ जनसेवा पर जोर
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और पर्यावरण से जुड़े कार्यों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा देहदान और वस्त्रदान जैसे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने नियमित शासकीय दायित्वों के साथ स्वप्रेरणा से ऐसे जनसेवा कार्यों में भी भागीदारी करें, जिनसे जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष सहायता मिल सके।
बुढ़ीखार के ग्रामीणों की पहल को मिलेगा सम्मान
कलेक्टर ने मस्तूरी के बुढ़ीखार गांव में ग्रामीणों द्वारा जनभागीदारी से स्कूल में अतिरिक्त भवन निर्माण और परिसर के सौंदर्यीकरण की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामुदायिक प्रयास दूसरे क्षेत्रों के लिए भी उदाहरण बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों को जनभागीदारी के माध्यम से अब तक 700 से अधिक स्मार्ट टीवी दान में मिल चुके हैं। अभियान के दौरान ऐसे सहयोगकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
800 निःशक्तजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण
कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 350 निःशक्तजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अभियान के तहत 800 और निःशक्तजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
इसी क्रम में करीब 10 हजार लोगों को भूमि स्वामित्व कार्ड वितरित करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण की अगली किश्त भी जारी की जा रही है।
3000 कार्य स्वीकृत, अरपा घाटों पर चलेगा सफाई अभियान
बैठक में बताया गया कि वीबी रामजी योजना के तहत जिले में 3000 कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं गणेश विसर्जन के बाद अरपा नदी के किनारे स्थित घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को योजना कवरेज, पात्र लोगों की पहचान और जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित सभी नोडल अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


