कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में प्रशासन की कार्रवाई, ग्रामीणों ने जताया संतोष
बलरामपुर। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में तहसील बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पुत्सुरा में लगभग 2 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
छठ पूजा और धार्मिक आयोजनों के लिए होता है भूमि का उपयोग
राजस्व विभाग के अनुसार उक्त शासकीय भूमि का उपयोग ग्रामवासी वर्षों से छठ पूजा, धार्मिक अनुष्ठानों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए करते आ रहे हैं। भूमि के सार्वजनिक महत्व को देखते हुए जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में नियमानुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का किया स्वागत
अतिक्रमण हटने के बाद यह सार्वजनिक स्थल पुनः धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित हो गया है। इस कार्रवाई पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि, जल स्रोतों और सामुदायिक परिसंपत्तियों का संरक्षण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में ऐसे स्थलों को सुरक्षित रखने और आमजन के हितों की रक्षा के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।




