Ayushman Card Campaign : बलरामपुर में डोर-टू-डोर बन रहे आयुष्मान और वय वंदना कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम

Advertisement
Advertisement

70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का घर पर ही ई-केवाईसी और पंजीयन, पात्र हितग्राहियों से सहयोग की अपील

बलरामपुर। जिले में पात्र नागरिकों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बना रही हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर किया जा रहा पंजीयन

अभियान के तहत मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य मित्र विशेष रूप से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका ई-केवाईसी और आयुष्मान वय वंदना कार्ड बना रहे हैं। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को स्वास्थ्य संस्थानों तक आने की परेशानी से बचाना और उन्हें घर पर ही योजना का लाभ उपलब्ध कराना है।

7.41 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बन चुके

राशन कार्ड डाटा के अनुसार जिले में 8,02,384 पात्र हितग्राही चिन्हित हैं। इनमें से अब तक 7,41,792 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र लोगों का पंजीयन कार्य लगातार जारी है।

14 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का हुआ पंजीयन

आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले में 21,609 पात्र वरिष्ठ नागरिक चिन्हित किए गए हैं। इनमें से अब तक 14,499 वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी और पंजीयन पूरा किया जा चुका है। शेष पात्र हितग्राहियों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर अभियान चला रही हैं।

हर वर्ष मिलेगा 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार

ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद पात्र वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाकर प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर अपना आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ आसानी से मिल सके।

Advertisement
Share This Article