बिलासपुर | संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय
गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं माय भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विश्वविद्यालय के रजत जयंती सभागार में “नशा मुक्त युवा विकसित भारत 2.0” अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से मुक्त, स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्ति अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनकर गांव, शहर और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास ही वास्तविक शिक्षा है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, नवाचार, खेल और समाज सेवा में लगाएंगे तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल होगा।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में दो दर्जन से अधिक युवाओं एवं प्राध्यापकों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, कुलसचिव प्रो. ए.के. दीक्षित, माय भारत के उप निदेशक नितिन शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर राजेंद्र मेहता ने किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, माय भारत स्वयंसेवकों, NSS, NCC, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, खेलो इंडिया तथा विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग एक हजार युवाओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




