पेंड्रा, जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्राओं को गुणवत्ता विहीन साइकिल वितरण का मामला सामने आया है। वितरित की गई साइकिलों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने विद्यालय पहुंचकर साइकिलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई साइकिलें गुणवत्ता विहीन पाई गईं।
राकेश जालान ने कहा कि छात्राओं को इस तरह की खराब और टूटी-फूटी साइकिलों का वितरण नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी साइकिलों से छात्राएं सुरक्षित रूप से स्कूल से घर तक भी नहीं पहुंच पाएंगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वितरण से पहले साइकिलों की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए और पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
वहीं छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने निजी खर्च पर सभी खराब साइकिलों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।


