DGP Arun Dev Gautam Koriya : पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का जिला कोरिया में प्रथम आगमन, कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

Advertisement
Advertisement

कोरिया के प्रथम पुलिस अधीक्षक रह चुके डीजीपी ने अधिकारियों की बैठक लेकर जनोन्मुखी पुलिसिंग, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश


पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार कोरिया पहुंचे डीजीपी, पुलिस अधिकारियों ने किया स्वागत (DGP Arun Dev Gautam Koriya)

कोरिया। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का पुलिस महानिदेशक का पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार को जिला कोरिया में प्रथम आगमन हुआ। उल्लेखनीय है कि वे जिला कोरिया के प्रथम पुलिस अधीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके आगमन पर पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज दीपक झा, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे सहित पुलिस अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।


कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

रक्षित केंद्र बैकुण्ठपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामुदायिक पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर (DGP Arun Dev Gautam Koriya)

बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जनहितैषी दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।


‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा सम्मेलन में हुए शामिल

भ्रमण के दौरान भारत सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में डीजीपी अरुण देव गौतम एवं आईजी दीपक झा ने वृक्षारोपण किया। इसके बाद आयोजित सड़क सुरक्षा मितान सम्मेलन में उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


राहवीर योजना के तहत दो नागरिक सम्मानित, फर्स्ट एड किट का भी हुआ वितरण

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सड़क सुरक्षा मितानों तथा राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर सहायता कर मानव जीवन बचाने वाले दो नागरिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फर्स्ट एड किट बैग का वितरण भी किया गया।


जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी : डीजीपी

अपने संबोधन में डीजीपी अरुण देव गौतम ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग के माध्यम से इस विश्वास को और मजबूत करना चाहिए।

Advertisement
Share This Article