पेण्ड्रा नगर में पेण्ड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर संचालित शासकीय शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर बुधवार को अधिवक्ता शिवचरण पसारी ने जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए दुकान की लोकेशन को जनभावना और छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
अधिवक्ता पसारी ने ज्ञापन में कहा कि पेण्ड्रा की शासकीय शराब दुकान मुख्य मार्ग पर आम जनमानस के आस्था केंद्र अरपा नदी उद्गम एवं दुर्गा सरोवर से मात्र 100 मीटर और उच्च शिक्षा के मुख्य केंद्र भंवरसिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय से सिर्फ 150 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में मुख्य मार्ग पर इस प्रकार शराब दुकान कहीं संचालित नहीं है, फिर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
ज्ञापन में गंभीर चिंता जताई गई है कि पूरे दिन दुकान के बाहर शराब प्रेमियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे ग्रामीण अंचल से पैदल और साइकिल से कॉलेज आने वाली छात्राओं और उनके परिजनों में भय का माहौल है। छात्राओं को रोजाना अशोभनीय टिप्पणियों और छेड़छाड़ का सामना करना पड़ता है, जिसके चलते कई छात्राएं पढ़ाई छोड़ने की कगार पर हैं।

पसारी ने बताया कि इसके पहले भी अधिकारियों का ध्यान इस जनसमस्या की ओर आकर्षित कराया गया था, लेकिन समयाभाव या जनमानस की समस्याओं में रुचि न होने के कारण कोई उचित कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने जिलाध्यक्ष की उत्कृष्ट कार्यशैली और संवेदनशीलता पर भरोसा जताते हुए इस बार ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
अधिवक्ता शिवचरण पसारी ने जिलाध्यक्ष से आग्रह किया है कि जनभावना, छात्राओं की सुरक्षा और धार्मिक स्थल की पवित्रता को देखते हुए शराब दुकान को मुख्य मार्ग से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की यथोचित कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन क्षेत्र में इस मांग को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है।


