Cyber Crime Narayanpur : फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

अश्लील संदेश भेजकर तस्वीरें वायरल करने की देता था धमकी, नारायणपुर पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपी को भेजा जेल

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से महिला को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील संदेश भेजे और उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई है। आरोपी लगातार अश्लील संदेश भेज रहा था और तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था।

शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में धारा 79 बीएनएस एवं 67(ए) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में थाना नारायणपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर की जांच के बाद आरोपी की पहचान सुलेंद्र कुमार भूआर्य (32 वर्ष) निवासी ग्राम पीपरखार, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में हुई।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील संदेश भेजने, उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नारायणपुर पुलिस की अपील

नारायणपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी के साथ फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर ठगी या अन्य साइबर अपराध होता है, तो तुरंत निकटतम थाना, साइबर सेल या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Advertisement
Share This Article