रायगढ़। रूपाणाधाम स्टील उद्योग में कार्यरत एक श्रमिक की ऊंचाई से गिरकर घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन पर श्रमिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व काम के दौरान ऊंचाई से गिरकर घायल हुए श्रमिक को गंभीर अवस्था में जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था और श्रम कानूनों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कई कंपनियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि औद्योगिक इकाइयों में न तो श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और न ही नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पर्यावरण और रोजगार नीति पर भी गंभीर आरोप
इस मामले को लेकर कांग्रेस जिला कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने बयान जारी करते हुए औद्योगिक इकाइयों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के कई उद्योग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालन कर रहे हैं, जिससे जल, जंगल, जमीन और मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उद्योगों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अनदेखी, फ्लाई ऐश डंपिंग, और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार में प्राथमिकता न देना जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं।
मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग
शाखा यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृत श्रमिक के परिजनों को शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए तो जिला कांग्रेस कंपनी के खिलाफ आंदोलन और घेराव करने के लिए बाध्य होगी।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
स्थानीय स्तर पर औद्योगिक दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या ने श्रमिक संगठनों और आम नागरिकों में चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जब तक सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त निगरानी और कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसे हादसे रुकना मुश्किल है।
रूपाणाधाम स्टील हादसे पर विवाद तेज, श्रमिक मौत के बाद मुआवजे और जांच की मांग, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
Advertisement
आज का ई-पेपर 📄
