कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदनपुर कार्यालय से तहसील तक निकाला पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खरसिया। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर गुरुवार को खरसिया में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदनपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम खरसिया को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए। पार्टी ने इन प्रक्रियाओं की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा पर जोर दिया।
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगों पर कार्रवाई की अपेक्षा जताई। साथ ही, मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।


