तीन दिन से लापता 7 वर्षीय भव्या का शव मिला, रजगामार में सनसनी

Advertisement

करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला बच्ची का शव, फॉरेंसिक टीम और खोजी डॉग बाघा की मदद से जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार में तीन दिन से लापता सात वर्षीय भव्या जोशी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और खोजी डॉग बाघा की मदद से घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

राशन दुकान जाने निकली थी बच्ची

जानकारी के मुताबिक, भव्या जोशी 19 अक्टूबर को घर से पास की राशन दुकान जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।

एसपी ने भी पहुंचकर की थी जांच की समीक्षा

बच्ची के लापता होने के मामले में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने भी रजगामार पहुंचकर जांच की समीक्षा की थी। गुरुवार को बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

पुलिस फॉरेंसिक टीम और खोजी डॉग बाघा की सहायता से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस जांच और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share This Article