सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसएसपी सख्त, अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी नियमित कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं के एक-एक कारण की समीक्षा की गई।

सड़क सुरक्षा के लिए विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने निर्धारित सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण

कलेक्टर ने कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए बनाया गया है और इस पर पहला अधिकार पैदल यात्रियों का है। उन्होंने नगर निगम को फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ भी नियमित कार्रवाई करने कहा गया।

राजस्व, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर निगम की संयुक्त टीम प्रत्येक सप्ताह आकस्मिक कार्रवाई करेगी। टीम सड़क किनारे अवैध कब्जे, यातायात में बाधा बनने वाली गतिविधियों और अन्य सुरक्षा संबंधी कमियों को चिन्हांकित कर उनका तत्काल निराकरण करेगी।

आठ माह में 212 मौतें, 161 मोटरसाइकिल हादसों में

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इस वर्ष के शुरुआती आठ महीनों में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 212 लोगों की मौत हुई है। इनमें 161 मौतें मोटरसाइकिल दुर्घटनाओं में हुई हैं। अधिकांश मामले आमने-सामने की टक्कर से जुड़े हैं।

एसएसपी ने कहा कि कई मामलों में हेलमेट का उपयोग जान बचाने में मददगार हो सकता था। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या को न्यूनतम करना सभी विभागों का साझा लक्ष्य होना चाहिए।

आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के निर्देश

एसएसपी ने सड़क पर आवारा पशुओं के बैठने को भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 8 नए गोधाम स्वीकृत किए गए हैं। संबंधित विभागों को समन्वय कर पशुओं को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

शहर की यातायात व्यवस्था और त्योहारों की सुरक्षा पर जोर

एसएसपी ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जवाली नाला और गुरुनानक चौक जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाए जाने वाले मंडपों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

मंडपों में विद्युत कनेक्शन के लिए अवैध हुकिंग पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।

राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास नियमों का पालन जरूरी

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास भवन निर्माण एवं भूमि उपयोग संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग के केंद्र से 40 मीटर के दायरे में आवासीय तथा 75 मीटर के दायरे में व्यावसायिक उद्देश्य से भूमि उपयोग पर लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने कहा गया। नियम विरुद्ध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एडिशनल एसपी ट्रैफिक श्री करियारे, आरटीओ, एसडीएम, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article