SEM ने 50-50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बॉन्ड पर दी सशर्त जमानत, अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े सौरव दास और आशुतोष रांका को सात दिन बाद तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। बुधवार, 21 अक्टूबर को SEM ने दोनों को शर्तों के साथ जमानत दी। रिहाई के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दोनों को बधाई देते हुए उनका समर्थन किया।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ऐसे ही देश के लिए संघर्ष करते रहें, पूरा देश आपके साथ है।”
लिखित आश्वासन के बाद मिली जमानत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमानत से पहले सौरव दास और आशुतोष रांका से लिखित माफीनामा और शपथ पत्र लिया गया। दोनों ने SEM ऋतु राज के समक्ष जंतर-मंतर पर शांति बनाए रखने और विरोध प्रदर्शन नहीं करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बॉन्ड और जमानत बॉन्ड जमा कराए गए, जिसके बाद उनकी रिहाई हुई।
तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद सौरव दास और आशुतोष रांका ने खुशी जाहिर की और अपनी टीम के सदस्यों के साथ नजर आए। हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आगे की रणनीति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
23 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
SEM ने दोनों को सुनवाई की प्रत्येक तारीख पर उपस्थित रहने और जमानत की शर्तों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। जांच अधिकारी को अगली सुनवाई के दौरान जमानतदारों के सत्यापन की रिपोर्ट पेश करने के लिए भी कहा गया है।
