छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें लेंगी हिस्सा

Advertisement
Advertisement

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर में होंगे मुकाबले, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का किया अनावरण

बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की तैयारी शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह लीग देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी। लीग को हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। संभावित रूप से इसके मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे।

अरुण साव ने किया लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर के नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने बताया कि लीग का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर देना है।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय स्तर के अनुभव से जुड़ेंगे प्रदेश के खिलाड़ी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगी। साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जोड़ने में भी लीग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

छह टीमें मैदान में उतरेंगी

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी टैगलाइन

लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली की यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का भाव लिए हुए है, जिसका अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”

‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक बताया गया है। बघवा साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है तथा खिलाड़ियों की जुझारू भावना को प्रदर्शित करता है।

शीर्ष चार टीमें पहुंचेंगी सेमीफाइनल में

प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबले के जरिए चैंपियन टीम का फैसला होगा।

मैचों के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी। इससे प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगी। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article