बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयनित होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की कामना की। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

बिलासपुर में ले रही हैं प्रशिक्षण
भारतीय टीम में चयनित दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी एवं खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया। वर्तमान में वह भारतीय टीम के साथ बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रही हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से लिया। वर्ष 2024 में उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। अब उनका चयन जूनियर एशिया कप के लिए हुआ है।
प्रदेश के लिए गौरव का अवसर
मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन छत्तीसगढ़ के खेल विकास और प्रतिभा का प्रमाण है। दोनों खिलाड़ी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




