मुख्य चिकित्साधीक्षक की मौजूदगी में कैनन कंपनी ने किया प्रेजेंटेशन, अन्य कंपनियों की भी दौड़ में शामिल होने से बढ़ी प्रतिस्पर्धा
चक्रधरपुर। रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को जल्द ही सीटी स्कैन मशीन की सुविधा मिलने की संभावना प्रबल हो गई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
रेलवे अस्पताल के कमरों का निरीक्षण, कैनन कंपनी ने किया तकनीकी मूल्यांकन
सोमवार को रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. सुब्रत कुमार मिश्र की मौजूदगी में कोलकाता की श्री हरि इंटरनेशनल कंपनी द्वारा कैनन कंपनी की CT Scan मशीन के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में प्रस्तावित मशीन इंस्टॉलेशन के लिए तय कमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्थान की तकनीकी उपयुक्तता का आकलन करते हुए बताया कि मशीन कम स्थान और कम ऊर्जा खपत में बेहतर कार्यक्षमता प्रदान करने में सक्षम है।
ऑडिटोरियम में स्लाइड प्रेजेंटेशन के जरिए बताई गई मशीन की विशेषताएं
अस्पताल के ऑडिटोरियम हॉल में स्लाइड प्रोजेक्टर के माध्यम से कैनन CT Scan मशीन की तकनीकी विशेषताओं का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।
प्रेजेंटेशन में बताया गया कि यह मशीन कम पावर खपत, तेज स्कैनिंग क्षमता और आसान ऑपरेशन सिस्टम के साथ मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी। इसके अलावा सिंगल प्रेस ऑपरेशन जैसी आधुनिक तकनीक भी इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।
सीटी स्कैन स्थापना को मंजूरी, टेंडर प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. सुब्रत कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि रेलवे अस्पताल में CT Scan मशीन स्थापित करने की मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए आवश्यक बजट भी प्राप्त हो गया है। कमरों की तैयारी अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि कैनन के अलावा सिमेंस और जनरल इलेक्ट्रिक जैसी कई बड़ी कंपनियों ने भी इस परियोजना में रुचि दिखाई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और चयन के बाद मशीन की स्थापना की जाएगी।
मरीजों को जल्द मिलेगी आधुनिक जांच सुविधा
यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में मरीजों को जल्द ही CT Scan जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे गंभीर रोगों की समय पर पहचान और उपचार में काफी मदद मिलेगी।


