केलो विहार मार्ग पर महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो युवकों ने झपटा सोने का मंगलसूत्र

Advertisement

काले रंग की पल्सर पर सवार होकर पहुंचे थे आरोपी, वारदात के बाद तहसील कार्यालय की ओर भागे; CCTV फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस

रायगढ़। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। केलो विहार के शिव मंदिर मार्ग पर करीब 5:20 बजे बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने झपटा मंगलसूत्र

मिली जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चंद्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।

बताया गया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात के बाद दोनों युवक बाइक से रायगढ़ तहसील कार्यालय की दिशा में फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपियों के भागने की संभावित दिशा को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में नाकेबंदी भी की।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान का प्रयास

पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार फुटेज में संदिग्धों के फोटो सामने आए हैं, जिन्हें विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा कर उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके साथ ही पुलिस टीम मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।

पुलिस ने आम लोगों से मांगी सूचना

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को घटना से जुड़े संदिग्ध युवकों या काले रंग की पल्सर बाइक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

चक्रधरनगर थाना प्रभारी: 9479193210
पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़: 9479193299

पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

Share This Article