बिलासपुर सबसे गर्म, कई शहरों में 42 पार
सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर के लालपुर केंद्र में 41.9 डिग्री और माना एयरपोर्ट में 41.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
दुर्ग में 42.2 डिग्री, पेंड्रारोड में 41.2 डिग्री और अंबिकापुर में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

रायपुर समेत मैदानी इलाकों में बढ़ेगी तपिश
रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। मैदानी इलाकों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
अगले तीन दिन लू का डबल अटैक
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 22 मई से 24 मई तक मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने साफ किया है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
आखिर क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल किसी बड़े सिस्टम के सक्रिय नहीं होने की वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है। यही कारण है कि तेज धूप सीधे जमीन को गर्म कर रही है और गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही ट्रेंड बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि लू की स्थिति में शरीर में पानी की कमी और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।