CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में आज से बदलेगा मौसम, बारिश पर लगेगा ब्रेक, बढ़ेगा तापमान

Advertisement
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

बारिश में कमी, तापमान में होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता कम होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

इन मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर

वर्तमान में पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके अलावा एक मौसमी द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही है, जबकि दूसरी द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर बना रहेगा।

बीते 24 घंटे में यहां हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आकाशीय बिजली के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article