CG Crime News : भिलाई में सनसनी, पति-पत्नी की संदिग्ध मौत; घर के अलग-अलग कमरों में मिले दोनों के शव

Advertisement
Advertisement

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के भिलाई के कैंप 1 के वृंदावन इलाके में पति-पत्नी के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने से सनसनी फैल गई। पति की लाश कमरे में फांसी पर लटकी हुई मिली वहीं पत्नी की लाश घर के एक कमरे में जमीन पर पड़ी मिली, फिलहाल मामले की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है।

मां को मिली बहू बेटे की लाश

मौजूदा जानकारी के मुताबिक राम मंदिर के पास रहने वाले ई. वेंकट और उनकी पत्नी एस. विजया शनिवार सुबह काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकले। सामने रहने वाली वेंकट की मां जब घर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर गई तो बहू को कमरे में मृत अवस्था में पाया। वहीं दूसरे कमरे में बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

घटना से घबराई मां ने तुरंत अपने छोटे बेटे को बुलाया। इसके बाद छोटे बेटे ने बड़े भाई के शव को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

महिला के गले पर मिले निशान

पुलिस के अनुसार पति नायलॉन की रस्सी से फांसी पर लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी का शव जमीन पर पड़ा था। महिला के गले पर भी कुछ निशान पाए गए हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर घर को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का समय और कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Advertisement
Share This Article