बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर-कुसमी मार्ग पर ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास देर रात बाक्साइट ट्रक और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात घायलों को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


रात करीब 2 बजे हुआ हादसा
राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के मुताबिक, हादसा बीती रात करीब 2 बजे ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास हुआ। पिकअप में चालक सहित 11 मजदूर सवार थे, जो प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाक्साइट ट्रक से पिकअप की टक्कर हो गई।
तीन मजदूरों की मौके पर मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सात घायल मेडिकल कॉलेज रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे
पुलिस के अनुसार मृतकों के शव अस्पताल में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।




