बलरामपुर/राजपुर। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुंदी के बांधपारा जंगल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हाथी के हमले में एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
सुबह जंगल की ओर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंदी बांधपारा निवासी 65 वर्षीय जूठन गोंड और उनकी पत्नी 55 वर्षीय सुंदरी बाई सुबह करीब 5 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया, जिसने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद उप वनमंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव, वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और डिप्टी रेंजर मालती मांझी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में करीब 5 हाथियों का दल कल्याणपुर जंगल में विचरण कर रहा है। उन्हीं में से एक दंतैल हाथी सुबह गांव के नजदीक पहुंचा और यह हमला हुआ।
पोस्टमार्टम और मुआवजा प्रक्रिया शुरू
वन विभाग द्वारा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। विभाग ने मृतक परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में जनचौपाल लगाकर लोगों को हाथियों के मूवमेंट के प्रति सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है।


