बलौदाबाजार-भाटापारा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा में प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर मृतक खातेदार के नामिनी से राशि भुगतान के एवज में ₹10,000 की रिश्वत मांगने का आरोप था।
कलेक्टर जनदर्शन में हुई थी शिकायत
मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि खातेदार की जमा राशि जारी करने के लिए शाखा प्रबंधक द्वारा नामिनी से अवैध रूप से पैसे की मांग की गई।
प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए
शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच नोडल अधिकारी के माध्यम से कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया।
निलंबन के बाद महासमुंद अटैच
बैंक सेवा नियमों के तहत अनिता पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है और उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद में अटैच किया गया है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी या सहकारी संस्थाओं में भ्रष्टाचार के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


