Madhogarh के वार्ड नंबर 2 मालवीय नगर में एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील कुमार शाक्यवार (36) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
दो दिन से बंद था घर का दरवाजा
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार की शादी करीब 15 वर्ष पहले प्रमिला देवी से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—11 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार और 9 वर्षीय पुत्री रिचा देवी। सुनील गल्ला मंडी में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि सुनील शराब का आदी था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी वजह से उसकी पत्नी पिछले 8 महीनों से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। घर में सुनील अकेला रह रहा था, जबकि उसकी मां भी करीब 8 दिन पहले रिश्तेदारी में गई हुई थीं।
भांजे ने पहुंचकर दी सूचना
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सुनील का भांजा अरविंद कुमार, जो ग्राम बाराही का निवासी है, बाजार में खरीदारी के लिए माधौगढ़ आया था। इसी दौरान वह अपने मामा से मिलने उनके घर पहुंचा। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने मोहल्ले वालों को बुलाया।
स्थानीय लोगों की मदद से गेट खोला गया तो अंदर सुनील कुमार मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव से दुर्गंध आने लगी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत दो दिन पहले हो चुकी थी।
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।


