रक्तदान बना जनअभियान… एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी की अगुवाई में 40 यूनिट ब्लड संग्रह, हर माह 24 को लगेगा शिविर

By
Advertisement
Advertisement

चक्रधरपुर अस्पताल में मानवता की मिसाल—अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने किया रक्तदान

चक्रधरपुर। जिले में रक्त की कमी को दूर करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में शुक्रवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कुल 40 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

एसडीओ ने खुद किया रक्तदान, लोगों से की आगे आने की अपील

कार्यक्रम में एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी ने खुद रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में रक्त की कमी को देखते हुए अब हर माह की 24 तारीख को नियमित रूप से यह शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाएं।

“रक्तदान महादान”—भ्रांतियों को तोड़ने की जरूरत

एसडीओ ने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर कई भ्रांतियां हैं, जबकि सच यह है कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। उन्होंने इसे “महादान” बताते हुए सभी सक्षम लोगों से आगे आने का आग्रह किया।

प्रशासन और समाज की साझी पहल, युवाओं से विशेष अपील

प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि समाज में सेवा भाव भी मजबूत होगा। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशुमन शर्मा ने कहा कि ऐसे शिविर रक्त की कमी को काफी हद तक दूर करने में मददगार साबित होते हैं और युवाओं को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

अधिकारियों, जवानों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी

शिविर में बीडीओ कांचन मुखर्जी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जवाहर लाल नेहरू कॉलेज के कर्मचारी, सीआरपीएफ 60 बटालियन के जवानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

Advertisement
Share This Article