रायपुर। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। बुधवार को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंदिरों में पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
रायपुर की तीनों विधानसभा सीटों पर विशेष कार्यक्रम
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में सुबह 9 बजे जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुनील सोनी सुबह 11 बजे काली माता मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक राजेश मूणत की पहल पर शाम 6 बजे खारुन नदी तट पर विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा।
मंत्री, सांसद और कार्यकर्ता रहेंगे शामिल
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में मंत्री, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भाग लेंगे। पार्टी संगठन ने मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को मंदिरों में पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रमों के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास
भाजपा इस अभियान को केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों से जोड़कर चला रही है। पार्टी का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना तथा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसंवाद को मजबूत करना है।
प्रदेशभर में दिखेगा उत्सव का माहौल
भाजपा के इस विशेष अभियान को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्साह का माहौल है। पार्टी इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्षों की उपलब्धियों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत कर रही है।


