बिलासपुर। बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू के खतरे के बीच तखतपुर-नगोई नए बायपास रोड और शहर के अलग-अलग इलाकों में खुले में मरी मुर्गियां मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।
तखतपुर-नगोई बायपास रोड पर मृत मुर्गियों को बोरियों में भरकर सड़क किनारे फेंके जाने की घटना सामने आई है, जिससे राहगीरों और आसपास के निवासियों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मृत पक्षियों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के निर्देश दिए हैं।
इसी तरह खमतराई क्षेत्र की ड्रीम सिटी कॉलोनी के पास खुले मैदान में बड़ी संख्या में मरे हुए मुर्गे मिलने से बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत प्रशासन से की है।
H5N1 वायरस की पुष्टि, इन्फेक्टेड जोन घोषित
अधिकारियों के अनुसार जिले में H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रशासन ने 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड ज़ोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस ज़ोन घोषित किया है। इनमें रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड शामिल हैं।
पोल्ट्री गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध
प्रशासन ने इन्फेक्टेड और सर्विलांस ज़ोन में सभी पोल्ट्री गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मुर्गी, अंडे के परिवहन, बिक्री और भंडारण पर रोक के साथ-साथ दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
इलाके में चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी बढ़ा दी गई है और पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को सक्रिय किया गया है। पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।


