रेलवे बिलासपुर : महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया बीसीएन डिपो का निरीक्षण, सोलर प्लांट समेत तीन आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को बिलासपुर स्थित बीसीएन डिपो का निरीक्षण कर परिचालन एवं अनुरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्य गुणवत्ता, संरक्षा मानकों और कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए डिपो के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन की सराहना की। अधिकारियों ने उन्हें डिपो में चल रहे अनुरक्षण कार्यों और विकास परियोजनाओं की जानकारी भी दी।

तीन नई आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे में हरित ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और कर्मचारी कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट, कम्प्यूटरीकृत डीवी टेस्ट बेंच तथा नव निर्मित कर्मचारी विश्राम गृह का शुभारंभ किया।

सोलर पावर प्लांट से बढ़ेगी ऊर्जा दक्षता

100 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट डिपो की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे बिजली खर्च में कमी आएगी, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा और कार्बन उत्सर्जन कम होने से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

डीवी टेस्ट बेंच से बढ़ेगी मालगाड़ियों की सुरक्षा

कम्प्यूटरीकृत डीवी टेस्ट बेंच के माध्यम से माल डिब्बों में उपयोग होने वाले डिस्ट्रीब्यूटर वाल्व की सटीक और मानकीकृत जांच की जा सकेगी। इससे अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता और गति में सुधार होगा तथा मालगाड़ियों का सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित होगा।

कर्मचारियों को मिला आधुनिक विश्राम गृह

नव निर्मित कर्मचारी विश्राम गृह कर्मचारियों को स्वच्छ, आरामदायक और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे कर्मचारियों का मनोबल, कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है।

महाप्रबंधक ने कही यह बात

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और कर्मचारी कल्याण पर आधारित ऐसी पहलें भारतीय रेलवे की कार्यकुशलता, सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता मनीष अग्रवाल, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता आर. के. चौधरी, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी दर्शनीता अहलूवालिया, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक अरविंद मेश्राम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article