Bilaspur News : ऑपरेशन प्रहार में बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 पाव शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर/बिल्हा। अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 पाव यानी करीब 9 लीटर देशी शराब और एक बाइक जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बिल्हा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति दगौरी शराब भट्ठी से शराब लेकर बाइक से बिल्हा की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में सिविल टीम ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की।

बाइक की डिक्की और बोरी से मिली शराब

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से 20 पाव और प्लास्टिक की बोरी से 30 पाव, कुल 50 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AD 5263 भी जब्त की है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की पहचान देवकुमार निर्मलकर (38) और शनि पटेल (32), दोनों निवासी ग्राम मंगला, थाना बिल्हा के रूप में की है। मामले में थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 433/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जीएल चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक सुमन चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article