रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर
दिनांक: 19 अगस्त 2026
बिलासपुर। मोपका क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी समेत करीब 85 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित ध्रुव (20 वर्ष) निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1000 रुपये नगद जब्त किए हैं। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
सूने मकान में हुई थी चोरी
मामले के अनुसार, 12 जून 2026 को प्रार्थिया रिंकी सेन निवासी रामकृष्ण नगर मोपका ने चौकी मोपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 जून की दरम्यानी रात उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी रकम चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी हिरासत में
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही मोहित ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
मुख्य आरोपी के कहने पर बाहर खड़ा था मोहित
पूछताछ में मोहित ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी ने उसे मकान के बाहर खड़ा कर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए कहा था। इसके एवज में उसे 15 हजार रुपये नगद दिए गए थे। आरोपी ने इनमें से 14 हजार रुपये खर्च करने की बात बताई। पुलिस ने उसके पास से 1000 रुपये बरामद किए हैं।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद मोहित ध्रुव को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
मामले में अपराध क्रमांक 878/2026 के तहत धारा 331(3), 305(a) बीएनएस में अपराध दर्ज है।
मुख्य आरोपी और चोरी के सामान की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और अन्य मसरूका की बरामदगी भी बाकी है। पुलिस फरार आरोपी की लगातार तलाश कर रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी का दावा किया है।


