बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। दोहरे हत्याकांड के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) की जेल परिसर स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूदने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसएसपी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी गई।
अचानक भट्ठी में लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह निवासी राहुल उर्फ विकेश कंवर जेल परिसर के किचन स्थित गैसीफायर प्लांट की ओर अचानक दौड़ा और जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद कर्मचारी उसे बचा नहीं सके और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और जेल प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कैदी गैसीफायर प्लांट तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि गैसीफायर प्लांट के आसपास पर्याप्त सुरक्षा जाली या रेलिंग क्यों नहीं थी, संयंत्र के संचालन के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कहां थे और कैदी प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया।
40 दिनों में पांचवीं मौत
बिलासपुर सेंट्रल जेल में पिछले 40 दिनों के भीतर यह पांचवीं मौत बताई जा रही है। इससे पहले 23 जून को एक सजायाफ्ता कैदी की दूसरे कैदी द्वारा हत्या किए जाने सहित अन्य चार कैदियों की भी जेल में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
जांच जारी
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




