बिलासपुर : भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनेगी विकास की दूरदर्शी कार्ययोजना, प्रभारी मंत्री अरुण साव ने दिए सख्त निर्देश

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर।
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 08 अगस्त 2026

उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सड़क पर बिजली खंभे लगाने के मामले में जांच के निर्देश

बिल्हा के बरतोरी से मोहतरा मार्ग पर सड़क के बीच बिजली के खंभे लगाए जाने के मामले को प्रभारी मंत्री ने गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

चार अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस

बैठक से अनुपस्थित रहने पर बिल्हा, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायत के सीईओ तथा रतनपुर नगरपालिका के सीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जलभराव और सड़क मरम्मत पर अभी से तैयारी

अरुण साव ने बिलासपुर शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें, इसके लिए अभी से तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

मलेरिया रोकथाम के लिए गांव स्तर पर निगरानी

समीक्षा के दौरान बताया गया कि कोटा विकासखंड में अब तक 48 मलेरिया मरीज मिले हैं, जिनमें 6 मरीज उपचाररत हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 1,500 मच्छरदानियों का वितरण किया जा रहा है।

खाद-बीज पर्याप्त, धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन जरूरी

कृषि विभाग के अनुसार जिले में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रभारी मंत्री ने धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मल्हार-रतनपुर के विकास का बनेगा मास्टर प्लान

ऐतिहासिक नगरी मल्हार और रतनपुर के समन्वित एवं सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें दोनों शहरों की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखा जाएगा।

अस्पताल और आयुष समिति की बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत

समीक्षा बैठक के बाद जिला अस्पताल की जीवनदीप समिति तथा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की आयुष समिति की बैठक हुई। इसमें अस्पताल एवं महाविद्यालय की सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

Advertisement
Share This Article