रायगढ़। थाना भूपदेवपुर पुलिस ने गुमशुदा युवती दामिनी साहू को मध्य प्रदेश के जबलपुर से दस्तयाब कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती की सुरक्षित वापसी से खुश परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का फूल-मालाओं से स्वागत किया और आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोडका निवासी 24 वर्षीय दामिनी साहू के गुमशुदा होने के मामले में थाना भूपदेवपुर में गुम इंसान क्रमांक 18/26 एवं अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दामिनी साहू को मध्य प्रदेश के जबलपुर से दस्तयाब किया और थाना भूपदेवपुर लेकर पहुंची। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना प्रभारी रोशन कौशिक के नेतृत्व में प्रोविजनल एसआई प्रवीण बांधव, प्रदीप तिवारी एवं आरक्षक कलीशा कुजू भी इस कार्रवाई में शामिल रहे।
परिजनों ने फूल-मालाओं से किया पुलिस टीम का सम्मान
दामिनी साहू की सकुशल वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली। इस अवसर पर उनके ससुर देवेंद्र साहू एवं समाज प्रमुख थाना भूपदेवपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम का फूल-मालाओं से स्वागत कर युवती को सुरक्षित वापस लाने के लिए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस की तत्परता से युवती के परिजनों को बड़ी राहत मिली। वहीं, परिजनों द्वारा पुलिस टीम का सम्मान किया जाना पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग एवं बेहतर समन्वय का उदाहरण है।


