पुलिस सैलरी पैकेज, बीमा, निवेश और ऋण के साथ साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
रायपुर, 17 अगस्त 2026। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पुलिस सैलरी पैकेज की समग्र जानकारी देने, सुरक्षित बैंकिंग, वित्तीय जागरूकता एवं बैंकिंग सेवाओं के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में विशेष बैंकिंग कार्यशाला सह बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल की पहल एवं निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तेलीबांधा रायपुर के विशेषज्ञों ने व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस सैलरी पैकेज और बीमा सुविधाओं की दी जानकारी
कार्यशाला में जवानों को पुलिस सैलरी पैकेज, रिश्ते अकाउंट, व्यक्तिगत बीमा, स्वास्थ्य बीमा सहित बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने बैंकिंग सेवाओं का बेहतर उपयोग करने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के संबंध में भी जानकारी दी।
सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल ने जवानों से अपील की कि वे अपने पारिवारिक सदस्यों को भी पुलिस सैलरी पैकेज से मिलने वाले लाभों की जानकारी दें, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में परिवार के सदस्य इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और साइबर अपराध से बचाव पर जोर
बैंकिंग विशेषज्ञों ने जवानों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग व्यवहार के बारे में जागरूक किया। बैंकिंग लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के साथ-साथ ऋण और निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
श्रीमती अग्रवाल ने वर्तमान डिजिटल दौर में बढ़ रहे साइबर अपराधों के संबंध में जवानों को जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध होने की स्थिति में समय गंवाए बिना इसकी शिकायत दर्ज कराना जरूरी है।
उन्होंने जवानों से अपील की कि स्वयं अथवा आसपास के किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सहायक सेनानी श्री निशांत शर्मा, सहायक सेनानी श्री दिनेश सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री सौरभ शालवार, सहायक प्रबंधक श्री अभिषेक आचार्य, रिलेशनशिप ऑफिसर श्री ईश्वर सिंह ठाकुर एवं कॉरपोरेट सैलरी पैकेज ऑफिसर श्री चंद्रशेखर साहू सहित व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के साथ सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने और साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने का संदेश दिया गया।




