सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शंकरगढ़ में सघन वाहन जांच, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने पर हुई कार्रवाई
बलरामपुर। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को शंकरगढ़ विकासखंड में परिवहन विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन पिकअप वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
तीन पिकअप वाहनों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान तीन पिकअप वाहनों में नियमों के विरुद्ध सवारियों का परिवहन करते हुए पाया गया। Balrampur Road Safety अभियान के तहत एक पिकअप वाहन पर मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो अन्य पिकअप वाहनों को शंकरगढ़ थाना में जब्त कर नियमानुसार 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने पर दी सख्त चेतावनी
जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन मालिकों और चालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जिलेभर में ऐसे संयुक्त जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


