Balrampur Crime News : पहाड़ी कोरवा परिवार से मारपीट मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल

Advertisement
Advertisement

पट्टे की जमीन पर जुताई को लेकर हुआ विवाद, राजपुर थाना पुलिस ने बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत की कार्रवाई

बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर (डोंगाधार) में पट्टे की जमीन पर खेती के दौरान हुए विवाद में पहाड़ी कोरवा परिवार से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पट्टे की जमीन पर जुताई के दौरान हुआ विवाद

थाना प्रभारी भारदाज सिंह के अनुसार, ग्राम नरसिंहपुर निवासी सूरज पहाड़ी कोरवा (20) ने 2 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने पिता बाल गोविंद पहाड़ी कोरवा, मां राधामुनी, पत्नी शीलावती और भाई सुशील के साथ अपनी पट्टे की भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर मक्का की बुवाई कर रहा था।

इसी दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं, मक्का के बीज फेंक दिए और लाठी, टांगी व अन्य हथियारों से हमला कर प्रार्थी, उसके माता-पिता के साथ मारपीट की।

एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(2), 115(2), 191(2), 191(3), 118(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) एवं 3(1)(ध) के तहत अपराध दर्ज किया।

इन 8 आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया—

  1. रामसुरत यादव (54)
  2. नरेश यादव उर्फ लल्लू (25)
  3. सतेंद्र यादव (29)
  4. उमेश यादव (29)
  5. रामबकस यादव (50)
  6. उदेश यादव (20)
  7. रामकेवल यादव (50)
  8. प्रदीप यादव (23)

सभी आरोपी ग्राम नरसिंहपुर, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर के निवासी हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisement
Share This Article