ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपचारी बालकों से 7.2 लीटर देशी शराब जब्त

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक: 18/08/2026

बिल्हा पुलिस का अवैध शराब पर प्रहार, स्कूटी से 40 नग देशी शराब परिवहन करते दो अपचारी बालक पकड़े गए

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्कूटी से भारी मात्रा में देशी शराब का परिवहन कर रहे दो अपचारी बालकों को पकड़ा है। उनके कब्जे से 40 नग देशी प्लेन शराब, कुल 7.2 लीटर, जिसकी कीमत करीब 3,600 रुपये है, बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना

पुलिस के अनुसार उमनि एवं वपुअ बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस द्वारा सिविल टीम गठित कर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और बीट भ्रमण के माध्यम से अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।

उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी

इसी दौरान 17 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दगौरी शराब भट्ठी से भारी मात्रा में शराब खरीदकर दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक सीजी10बीएस 1029 से जा रहे हैं। सूचना के आधार पर बिल्हा पुलिस की टीम ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोक लिया।

40 नग देशी प्लेन शराब बरामद

पुलिस ने स्कूटी में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। दोनों अपचारी बालक पाए गए। तलाशी के दौरान सफेद रंग के प्लास्टिक झोले में 20 नग देशी प्लेन शराब तथा स्कूटी की डिक्की से 20 नग देशी प्लेन शराब बरामद हुई। कुल 40 नग शराब की मात्रा 7.2 लीटर और कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है।

स्कूटी भी जब्त

बिल्हा पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी10बीएस 1029 को भी जब्त कर लिया। मामले में अपचारी बालकों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की गई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कोचियों में हड़कंप की स्थिति है।

पुलिस टीम का विशेष योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, करण राज बघेल, आरक्षक 1390 संतोष मरकाम एवं आरक्षक 1210 सुमन चंद्रवंशी का विशेष योगदान रहा।

Advertisement
Share This Article