गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत शेखवा में पंचायत से जुड़े जमीन और डबरी के रिकॉर्ड को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच और पंच नंबर 5 आकाश सिंह मरावी की कथित मिलीभगत से दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज डबरी को पंच के निजी पट्टे के नाम पर दर्ज करा लिया गया।
पद के दुरुपयोग का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पंच आकाश सिंह मरावी ने अपने पद का कथित तौर पर दुरुपयोग करते हुए उक्त डबरी को अपने पट्टे के नाम पर दर्ज कराया। इसके बाद डबरी पर कब्जा कर वहां थरहा रोपण भी कराया गया।
रिकॉर्ड में बदलाव पर उठे सवाल
मामले को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि डबरी पहले से किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज थी, तो उसके रिकॉर्ड में बदलाव कर निजी पट्टा कैसे तैयार हुआ। ग्रामीणों ने संबंधित राजस्व एवं पंचायत रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।
सरपंच की भूमिका की भी जांच की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे मामले में सरपंच की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि रिकॉर्ड में किसी प्रकार की अनियमितता या नियम विरुद्ध कार्रवाई हुई है, तो इसकी जिम्मेदारी तय कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित दस्तावेजों की जांच और डबरी के वास्तविक स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




