अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
पांच दिन के विशेष अभियान में अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई, कई क्षेत्रों में खनिज विभाग की दबिश
बिलासपुर। जिले में अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में 5 से 10 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 11 वाहन और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की है।
कई क्षेत्रों में चलाया गया सघन जांच अभियान
खनिज अमले ने लोखंडी, तुरकाडीह, कछार, निरतू, सेंदरी, सिरगिट्टी, भरनी, परसदा, गनियारी और नेवरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध उत्खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन से जुड़े मामलों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
भरनी-परसदा में चैन माउंटेन मशीन सहित 7 हाईवा जब्त
भरनी-परसदा क्षेत्र में सीआरपीएफ कैंप के पास मुरुम के कथित अवैध उत्खनन के दौरान इस्तेमाल की जा रही एक चैन माउंटेन मशीन को मौके पर सील किया गया। इसी कार्रवाई के दौरान मुरुम परिवहन में लगे 7 हाईवा वाहन भी जब्त किए गए। सभी वाहनों को थाना सकरी की अभिरक्षा में रखा गया है।
लावर में दो हाईवा पर कार्रवाई
लावर क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम ने जांच के दौरान चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे एक हाईवा को पकड़ा। इसके अलावा रेत के अवैध परिवहन के आरोप में एक अन्य हाईवा को भी जब्त किया गया। दोनों वाहनों को खनिज जांच चौकी लावर के सुपुर्द किया गया।
सिरगिट्टी और लोखंडी में भी वाहन पकड़े
सिरगिट्टी क्षेत्र में मिट्टी से बनी ईंटों के अवैध परिवहन के मामले में एक माजदा वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं लोखंडी क्षेत्र में बिना वैध अनुमति रेत परिवहन के आरोप में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर उसे थाना कोनी की अभिरक्षा में भेजा गया।
नियमों के तहत आगे की कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहनों और मशीनरी के खिलाफ संबंधित खनिज नियमों के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
राजस्व और पुलिस के साथ समन्वय
प्रशासन ने अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के समन्वय से कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


