जयनगर पुलिस ने बरही-कटनी में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा, पूर्व में 6 आरोपियों सहित बस चालक की हो चुकी है गिरफ्तारी
सूरजपुर। करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपए के गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे आरोपी को जयनगर पुलिस ने मध्यप्रदेश के कटनी जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बरही थाना क्षेत्र के ग्राम खिरहनी से घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे थाना जयनगर लाया गया। मामले में पुलिस की इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बस में 848 किलो 650 ग्राम गांजा मिला था
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक सीजी 15 ईएच 4301 में कुछ लोग बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना पर जयनगर पुलिस ने सिलफिली में बस की जांच की।
तलाशी के दौरान बस की सीटों के लोअर और ऊपर स्लीपर सीट में रखी 53 बोरियों एवं कपड़े की गठरियों से कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपए बताई गई है। गठरियों के ऊपर झाड़ू भी बांधी गई थी।
पहले 7 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पूर्व में गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से गांजा, 478 नग झाड़ू, गांजा परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया था।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
तकनीकी जांच से मिला फरार आरोपी का सुराग
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की हरसंभव पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से फरार आरोपी के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी जुटाई।
इसके बाद जयनगर पुलिस की टीम कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के ग्राम खिरहनी पहुंची और घेराबंदी कर जाजोन पारधी पिता कदम पारधी, उम्र 39 वर्ष, निवासी खिरहनी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया।
ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया जयनगर
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और उसे थाना जयनगर लाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना लगातार जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़




