भतीजे को स्कूल छोड़ने जा रहा था बरौर का युवक, टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त; 108 और 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उसाढ़ में बुधवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
भतीजे को स्कूल छोड़ने जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। ग्राम बरौर निवासी एक युवक अपने भतीजे को हाई स्कूल उसाढ़ छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
108 और 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 108 एंबुलेंस और 112 की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहायता टीम मौके पर पहुंची और घायलों को मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार जारी है। हादसे में एक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है।
